अम्बिकापुर 12 सितम्बर 2020/ जनजातीय कार्य मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सरगुजा सांसद श्रीमती रेणुका सिंह की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की वर्चुअल बैठक ऑनलाईन माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में श्रीमती सिंह श्रीनगर से अपने निवास कार्यालय से जुड़ी हुई थी। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओ के कारण तथा उन्हें दूर करने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के कई कारण हो सकते है जैसे खतरनाक मोड़, अत्यधिक गति, जागरूकता की कमी, नाबालिक द्वारा वाहन चालन तथा खराब सड़के आदि। जनजागरूकता अभियान पुलिस विभाग और परिवहन विभाग द्वारा सतत रूप से चलाये जाते है इसी प्रकार लोक निर्माण विभाग भी सड़क मरम्मत के लिए निरंतर अभियान चलाएं। बहुत सड़क दुर्घटनाएं सड़क खराब होने के कारण घटित होती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों में ब्लैक स्पॉट को दूर करने के लिए प्रस्ताव तैयार कराएं ताकि उच्च स्तर तक अनुमोदन प्राप्त किया जा सके।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरगुजा जिले में स्वच्छता में बेहतरीन काम हुआ है। स्वच्छता के प्रति लोगों में जनजागरूकता आई हैं जिसके परिणाम स्वरूप अम्बिकापुर नगर निगम को देश विदेश में पहचान मिली है, कई राष्ट्रीय पुरस्कार मिले है। इसी प्रकार सड़क दुर्घटनाओं को कम करने मे भी अच्छा काम करे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 1 सितम्बर से नया मोटर व्हीकल अधिनियम लागू हो गया है। अब उसी अधिनियम के अनुसार कार्रवाई करना सुनिश्चिय करें। श्रीमती सिंह ने आवारा मवेशियों के सड़क पर बैठने के कारण होने वाले दुर्घटनाओ को रोकने के लिए कहा कि छत्तीसगढ़ शासन के रोका-छेका अभियान के तहत आवारा मवेशियों को कांजी हाउस में रखें। उन्होंने कहा कि दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनना अनिवार्य करें। बिना हेलमेट पहनकर चलाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई करें। उन्होंने सड़क दुर्घटना के दौरान तत्तकाल सहायता के लिए 108 के माध्यम से नजदीकी अस्पताल में चिकित्सीय सुविधा देने में निर्देश दिए।
श्रीमती सिंह ने बैठक में जिले में ब्लैक स्पॉट की संख्या, पिछले वर्ष की दुर्घटना में मौतों की संख्या, रिंग रोड में सीसी कैमरों की संख्या,वाहनो की जांच की जानकारी ली। बैठक में बताया गया कि सरगुजा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग में 12 ब्लैक स्पॉट है। इन ब्लैक स्पॉट पर संकेतक लगाए गए है। पिछले वर्ष 377 सड़क हादसा हुए थे जिनमे 177 मामलों में मौत हुई थी। परिवहन अधिकारी ने बताया कि परिवहन जांच में पिछले वर्ष 2 लाख 90 हजार रुपये समन राशि जमा किया गया है।
बैठक में कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा, जिला पंचायत के सीईओ श्री कुलदीप शर्मा, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती मधु सिंह, वनमंडलाधिकारी श्री पंकज कमल, अपर कलेक्टर श्री ए एल ध्रुव, सुश्री संतान देवी जांगड़े, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ओम चन्देल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।






