अम्बिकापुर 11 सितम्बर 2020/स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. अलोक शुक्ला ने सरगुजा भ्रमण के दौरान गुरुवार को सीतापुर विकसखण्ड के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय देवगढ़ एवं अम्बिकापुर के ब्रम्हपारा स्थित शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल के कम्यूटर कक्ष, लाइब्रेरी तथा लैब रूम का निरीक्षण किया और कक्षाओं में उपलब्ध संसाधनों, उपकरणों तथा शिक्षको की भर्ती के संबंध में जानकारी ली। डॉ. शुक्ला ने अधिकारियों को सुव्यवस्थित स्कूल संचालन के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होने कहा कि शिक्षक व्यक्तिगत रूचि लेकर बच्चों को पढ़ाएं। एक-एक बच्चे पर ध्यान दें ताकि शत-प्रतिशत परिणाम हासिल हो सके। शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के लिए राशि की कोई कमी नही है फिर निजी स्कूलों से कमतर रहने वाली बात नही होनी चाहिए।
प्रमुख सचिव ने अम्बिकापुर के ब्रम्हपारा स्थित उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल के निरीक्षण के दौरान प्रथम तल में लैब रूम के लिए कक्ष बनाने, छत में शेड लगाकर मिड-डे मील के लिए डायनिंग हाल बनाने, डायनिंग हाल के बगल में लाइब्रेरी के लिए कमरा तैयार कराने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया। लाइब्रेरी के लिए अच्छी किताबों के चयन हेतु समिति गठित करने के निर्देश दिए।
इसके पूर्व प्रमुख सचिव ने अम्बिकापुर के एक नामी निजी स्कूल का भी भ्रमण कर वहाँ उपलब्ध शैक्षिक संसाधनों का अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से बायो लैब, फिजिक्स लैब, केमिस्ट्री लैब, कंप्यूटर लैब तथा लाइब्रेरी का अवलोकन किया और लैब में व्यवस्थित तथा पर्याप्त मात्रा में उपकरणों एवं सामग्रियों की उपलब्धता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के लैब को भी पर्याप्त संसाधनयुक्त बनाएं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा, जिला पंचायत के सीईओ श्री कुलदीप शर्मा, सहायक कलेक्टर श्री विश्वदीप, नगर निगम आयुक्त श्री हरेश मण्डावी, एसडीएम श्री अजय त्रिपाठी, संयुक्त संचालक श्री के. कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी श्री आईपी गुप्ता, डीएमसी श्री संजय सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।






