अम्बिकापुर 11 सितम्बर 2020/ सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ की तरह सरगुजा में भी सितम्बर माह को राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। पोषण माह के दौरान प्रतिदिन का दैनिक कैलेण्डर जारी किया गया है। दिनचर्या के अनुसार 10 सितंबर को जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण वाटिका का निर्माण कर पौष्टिक सब्जियों एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस पोषण माह में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण के प्रति जागरूकता, व्यवहार परिवर्तन, सम्प्रेषण एवं पोषण संवाद के माध्यम से सामुदायिक स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जनप्रतिनियों के द्वारा पोषण माह के दौरान जनसमूह के सक्रिय योगदान के लिए आह्वान कर संदेश प्रेषित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि कुपोषण के स्तर में कमी लाने के उद्देश्य से वर्ष 2018 से पोषण अभियान का संचालन किया जा रहा है। सरगुजा में 2 हजार 463 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं जिनमे उपलब्ध स्थान के आधार पर आंगनबाड़ी केंद्रों में सामुदायिक भूमि पर पोषण वाटिका तैयार की जा रही है। कोविड 19 संक्रमण से बचाव हेतु शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पौध-रोपण किया गया।






