अम्बिकापुर 1 अक्टूबर 2020/ कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने आज लुण्ड्रा विकासखण्ड के भ्रमण के दौरान आदर्श गोठान बटवाही, कालीन प्रशिक्षण केन्द्र बटवाही तथा मॉडल आंगनबाड़ी केन्द्र रघुनाथपुर का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने बटवाही गोठान के निरीक्षण के दौरान स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार की जा रही वर्मी कम्पोष्ट खाद के सम्बंध में महिलाओं से चर्चा कर जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को वर्मी कम्पोष्ट के विपणन हेतु सूचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने आदर्श गोठान बटवाही में गोठान समिति द्वारा पशुपालकों से गोधन न्याय योजना के तहत खरीदे जा रहे गोबर के संबंध में अधिकारियों से पूछ-ताछ कर जानकारी प्राप्त की।उन्होंने समिति के द्वारा अपेक्षित मात्रा में गोबर की खरीदी नहीं होने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए पशुपालकों को गोबर विक्रय करने हेतु प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गोठान में  स्व सहायता समूह की महिलाओं के लिए आजीविका के साधन उपलब्ध कराने हेतु विविध गतिविधियों प्रारम्भ करने कहा। इसके पश्चात कलेक्टर ने कालीन प्रशिक्षण केन्द्र बटवाही का अवलोकन कर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे महिलाओं से चर्चा की और कहा कि लगन से प्रशिक्षण प्राप्त करें ताकि आजीविका के लिए बेहतर साधन के रूप में अपने हुनर को प्रदर्शित कर  सकें। बताया गया कि हस्त शिल्प विकास बोर्ड द्वारा पिछले 15 दिनों से 20 स्थानीय महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कलेक्टर ने बटवाही में पर्यवेक्षण अधिकारियों द्वारा किए जा रहे गिरदावारी जांच का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को बारीकी से जांच कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात कलेक्टर ने रघुनाथपुर स्थित मॉडल आंगनबाडी केन्द्र का निरीक्षण किया और कार्यकर्ताओं से आंगनबाड़ी द्वारा हितग्राहियों को उपलब्ध कराए जा रहे रेडी-टू-ईट तथा पोषण अभियान की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि रेडी-टू-ईट के तहत हितग्राहियों के घर-घर सूखा राशन पहुंचाएं तथा सुपोषण अभियान के तहत कुपोषित बच्चों को अण्डा भी उपलब्ध कराएं।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुलदीप शर्मा, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संजय दुबे, डीपीएम श्री राहुल मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here