सरगुजा का ‘ बेटा ‘ बचपन से संगीत के प्रति समर्पित तबला वादक नासिर खान को छत्तीसगढ़ संस्कृति विभाग के आर्टिस्ट ग्रेडेशन पैनल में ‘ए’ ग्रेड की उपाधि प्रदान की गई.

रायपुर/सरगुजा। सरगुजा अंचल के सुप्रसिद्ध तबला वादक एवं संगीत साधक जनाब नासिर खान को छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग द्वारा अपने आर्टिस्ट ग्रेडेशन पैनल में ‘ए’ ग्रेड की श्रेणी में स्थान प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि न केवल नासिर खान की तीन दशकों से अधिक की अनवरत संगीत साधना का सम्मान है, बल्कि संपूर्ण सरगुजा अंचल के लिए गौरव का विषय है।

हाल ही में रायपुर में छत्तीसगढ़ संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित ‘रंग तरंग महोत्सव’ में नासिर खान ने अपने उत्कृष्ट तबला वादन से संगीत रसिकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी और उनकी कला की व्यापक सराहना हुई।

संगीत की समृद्ध परंपरा से जुड़े नासिर खान का संबंध एक प्रतिष्ठित संगीत परिवार से है। उनके पिता आकाशवाणी के संगीत विभाग में वरिष्ठ कलाकार के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुके हैं। वहीं उनके नाना देश के विख्यात तबला वादक रहे हैं, जिन्होंने भारत रत्न पंडित रविशंकर, उस्ताद अल्ला रक्खा खान, उस्ताद विलायत खान, उस्ताद अब्दुल हलीम जाफर खान, उस्ताद राशिद खान सहित देश के अनेक महान संगीत मनीषियों के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया।

इसी गौरवशाली संगीत परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नासिर खान ने अपनी प्रतिभा और साधना से स्वयं एक विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न संगीत समारोहों के साथ-साथ देश के अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी प्रस्तुतियां दी हैं। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त कलाकारों, जिनमें अंतरराष्ट्रीय गजल सम्राट उस्ताद गुलाम अली खान, पद्मश्री उस्ताद अहमद हुसैन, उस्ताद मोहम्मद हुसैन सहित अनेक संगीत मनीषी शामिल हैं, के साथ भी उन्होंने सफल संगत एवं प्रस्तुतियां दी हैं।

नासिर खान पिछले लगभग 30 वर्षों से आकाशवाणी एवं दूरदर्शन के माध्यम से अपनी कला की सफल प्रस्तुतियां देते आ रहे हैं। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक यह भी है कि उन्होंने अनेक प्रतिभाशाली शिष्यों को संगीत की शिक्षा एवं मार्गदर्शन देकर तैयार किया, जो आज प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं।

संस्कृति विभाग द्वारा उन्हें ‘ए’ ग्रेड प्रदान किए जाने से सरगुजा के कलाकारों, संगीत साधकों और कला प्रेमियों में हर्ष का माहौल है। कला प्रेमियों का मानना है कि नासिर खान की दीर्घकालीन संगीत साधना, उपलब्धियों और कला के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें आगामी राज्य उत्सव के अवसर पर राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाना चाहिए।

सरगुजा अंचल के संगीत प्रेमियों ने माननीय संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल जी से आग्रह किया है कि नासिर खान की सांगीतिक उपलब्धियों एवं संगीत के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान को सम्मान देते हुए उन्हें आगामी राज्य अलंकरण समारोह में सम्मानित किया जाए। ऐसा सम्मान न केवल सरगुजा की सांस्कृतिक विरासत को गौरवान्वित करेगा, बल्कि प्रदेश के उन समर्पित कलाकारों का भी मनोबल बढ़ाएगा, जो वर्षों से अपनी कला और संस्कृति की सेवा में निरंतर साधनारत हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here