पांच अक्टूबर को रायपुर में होगा प्रदेशव्यापी प्रदर्शन
अम्बिकापुर, 11 सितम्बर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के अधिकारी-कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग को लेकर गुरुवार को छत्तीसगढ़ विद्युत अधिकारी-कर्मचारी पुरानी पेंशन अधिकार मंच के बैनर तले मुख्य अभियंता कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। अधिकारी-कर्मचारियों ने मुख्य अभियंता यशवंत शिलेदार को ज्ञापन देकर मांग पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की।
ज्ञापन में छत्तीसगढ़ शासन के ऊर्जा विभाग द्वारा 6 अक्टूबर 2023 को जारी आदेश का उल्लेख किया गया। कर्मचारियों के अनुसार, आदेश में एक जनवरी 2004 अथवा उसके बाद नियुक्त और नवीन अंशदायी पेंशन योजना के अंतर्गत आने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरानी पेंशन प्रणाली में अंतरित करने के लिए सैद्धांतिक सहमति दी गई थी। इसके बावजूद पावर कंपनी प्रबंधन ने अब तक पुरानी पेंशन योजना लागू नहीं की है, जिससे अधिकारी-कर्मचारियों में असंतोष है।
अधिकार मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि पावर कंपनी के सभी 12 अधिकारी-कर्मचारी संगठनों ने संयुक्त रूप से प्रदेशव्यापी आंदोलन करने का निर्णय लिया है। आंदोलन के पहले चरण में 11 सितम्बर को संयंत्रों और क्षेत्रीय मुख्यालयों में संयुक्त आमसभा एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किए गए। आगामी दिनों में प्रदेश के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी सामूहिक रूप से ज्ञापन सौंपा जाएगा।
आंदोलन के अगले चरण में 5 अक्टूबर को पावर कंपनी मुख्यालय डंगनिया, रायपुर में प्रदेशभर के अधिकारी-कर्मचारी सामूहिक प्रदर्शन एवं विशाल आमसभा करेंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में राजेश जायसवाल, दीपक निकुंज, सुरजीत गुप्ता, आर. नागवंशी, जे.पी. पटेल, आर.के. राजपूत, विनोद शुक्ला, अभिषेक बोहिदार, मेरी लिली तिर्की, अनिल बैरागी, शशांक करमहे, खिलेश्वर चन्द्राकर, धर्मेंद्र देवांगन, हेमन्त साहू सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
संगठनों ने कंपनी प्रबंधन से मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए पुरानी पेंशन योजना शीघ्र लागू करने की मांग की है।






