राज्यपाल से रेड क्रॉस ऑर्गन डोनेशन समिति की शिष्टाचार भेंट, विश्व अंगदान दिवस पर राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का प्रस्ताव
रायपुर, 19 जुलाई। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की ऑर्गन डोनेशन समिति ने प्रदेश में नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण पहल करते हुए महामहिम राज्यपाल एवं राज्य शाखा के अध्यक्ष श्री रमेन डेका से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को मांग-पत्र सौंपकर अंगदान एवं देहदान करने वाले व्यक्तियों को मरणोपरांत “गार्ड ऑफ ऑनर” प्रदान करने तथा विश्व अंगदान दिवस (13 अगस्त) पर अंगदाताओं के परिजनों, चिकित्सकों, ट्रांसप्लांट संस्थानों एवं ट्रांसप्लांट को-ऑर्डिनेटर्स के राज्य स्तरीय सम्मान का प्रस्ताव रखा।
इससे पूर्व रेड क्रॉस राज्य शाखा के चेयरमैन श्री तोमन साहू की अध्यक्षता में ऑर्गन डोनेशन समिति की पहली बैठक आयोजित हुई, जिसमें प्रदेशभर में जनजागरूकता अभियान को व्यापक रूप से संचालित करने और अंगदान के प्रति लोगों को प्रेरित करने के लिए विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की गई।
महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका ने समिति की मानवीय पहल की सराहना करते हुए विश्व अंगदान दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने पर सकारात्मक सहमति एवं मार्गदर्शन दिया। साथ ही अन्य प्रस्तावों को शासन स्तर पर परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजे जाने का आश्वासन भी दिया।
बैठक एवं शिष्टाचार भेंट के दौरान रेड क्रॉस राज्य शाखा के चेयरमैन श्री तोमन साहू, ऑर्गन डोनेशन समिति के चेयरमैन श्री रोशनलाल वर्मा, राज्य समन्वयक श्रीमती मनीषा सिंह सदस्य श्री चिन्ना बालैय्या सहित समिति एवं राज्य प्रबंधन समिति के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।






